प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी अपने आधिकारिक दौरे पर इंडोनेशिया पहुंचे, जहां उनके विमान को इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट कर विशेष सम्मान दिया। इस दौरे के साथ दुनिया के सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया की सांस्कृतिक विविधता भी एक बार फिर चर्चा में है।
करीब 85 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इंडोनेशिया की पहचान केवल उसकी धार्मिक संरचना तक सीमित नहीं है। यहां की संस्कृति पर प्राचीन हिंदू-बौद्ध परंपराओं का भी गहरा प्रभाव दिखाई देता है। इसी कारण देश की राष्ट्रीय एयरलाइन का नाम 'गरुड़ इंडोनेशिया' रखा गया है, जो हिंदू पौराणिक कथाओं में भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ से प्रेरित है।
इंडोनेशिया में भगवान गणेश को ज्ञान, बुद्धि और शिक्षा का प्रतीक माना जाता है। इसी सांस्कृतिक विरासत के चलते अतीत में जारी किए गए 20,000 इंडोनेशियाई रुपियाह के एक नोट पर भगवान गणेश की तस्वीर भी छापी गई थी। हालांकि यह नोट अब प्रचलन में नहीं है, लेकिन यह आज भी देश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है।
इंडोनेशिया में आज भी रामायण और महाभारत की कथाओं पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं, कठपुतली कला (वायंग) और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।