रायपुर, पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर वाहन चोर उज्जवल पटेल उर्फ टार्ज़न को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी अनुप दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मई 2026 को उन्होंने अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल एमपी कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना गुढ़ियारी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी उज्जवल पटेल उर्फ टार्ज़न को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बरामद बाइक चोरी की होना स्वीकार किया। इसके अलावा उसने गुढ़ियारी क्षेत्र से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय उज्जवल पटेल उर्फ टार्ज़न, निवासी जनता कॉलोनी, कबीर नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की जांच जारी है।