दुर्ग ,के सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के निर्माणाधीन आवास से विद्युत सामग्री चोरी करने वाले दो आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रिक वायर, एमसीबी, प्लेट और होल्डर जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरधारी नगर निवासी विक्रम गहलोत, जो सरस्वती नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 को परियोजना के ब्लॉक क्रमांक 4 और 5 से अज्ञात लोगों ने इलेक्ट्रिक वायर, एमसीबी, प्लेट और होल्डर चोरी कर लिए थे।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सूचना संकलन और तकनीकी पतासाजी के दौरान पुलिस ने राज ढीमर उर्फ नानू और दुजराज ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई विद्युत सामग्री बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने की नीयत से निर्माणाधीन भवन में लगी विद्युत सामग्री चोरी की थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है।