दुर्ग, जिले के कुम्हारी थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल, एक आईफोन और नकद राशि सहित कुल लगभग ₹2.90 लाख का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकदा रोड स्थित सार्थक होम के सामने बिजली ट्रांसफार्मर के पास दो युवक पल्सर बाइक पर अवैध गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस और ACCU की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 4.100 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹2.05 लाख), बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल (₹40 हजार), एक आईफोन (₹25 हजार) तथा ₹20 हजार नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार कोसले (20 वर्ष) निवासी कुंदरापारा पोटिया और सतीश ठाकुर (23 वर्ष) निवासी कुंदरापारा पोटिया, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजे का संग्रहण और बिक्री करने की तैयारी में थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे और अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।