दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई पुलिस ने अवैध नशीली टेबलेट की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹52 हजार मूल्य की ALPRAZOLAM नशीली टेबलेट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरौदा क्षेत्र का एक युवक शिवपारा शीतला तालाब के पास अवैध रूप से नशीली टेबलेट बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना मिलते ही नेवई पुलिस ने गवाहों और पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सुजल सिंह (22 वर्ष) निवासी स्टेशन मरौदा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं। जब्त टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹52 हजार आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 22 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।