भिलाई टाउनशिप के व्यापारियों की आवाज बनेगा चैंबर, लीज मुद्दों पर होगा मंथन

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई टाउनशिप में लीज नवीनीकरण से जुड़े जटिल मुद्दों के समाधान के लिए भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पहल शुरू कर दी है। चैंबर द्वारा 22 से 28 जून के बीच सेक्टरवार बैठकों की शृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा होगी।

चैंबर के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने बताया कि बैठकों का मुख्य उद्देश्य भारतीय इस्पात प्राधिकरण (SAIL) की लीज नवीनीकरण नीति पर विचार-विमर्श कर व्यापारियों के समक्ष आ रही कठिनाइयों को एक मंच पर लाना है। इन बैठकों में प्राप्त सुझावों और समस्याओं को समेकित कर प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

बैठकों के दौरान सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं को नीति में दी गई राहत के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त किया जाएगा। साथ ही इन संस्थाओं के लीज नवीनीकरण की वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने का आग्रह भी किया जाएगा।

लीज नवीनीकरण प्रक्रिया में आ रही बाधाओं के त्वरित समाधान के लिए चैंबर ने प्रमुख व्यापारियों का एक कोर समूह भी गठित किया है। यह समूह सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय के माध्यम से संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन के समक्ष व्यापारियों की मांगों को रखकर समाधान का प्रयास करेगा।

चैंबर का मानना है कि सामूहिक संवाद और समन्वित प्रयासों से लीज नवीनीकरण से जुड़े मुद्दों का सम्मानजनक और व्यावहारिक समाधान निकाला जा सकता है, जिससे व्यापारियों और संस्थाओं के हित सुरक्षित रह सकें।