दुर्ग। सुपेला थाना पुलिस ने आमजन में भय और आतंक का माहौल बनाने वाले एक निगरानी बदमाश को धारदार चापड़ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस को 22 जून को सूचना मिली थी कि आर.के. मैदान, सुपेला के पास एक युवक हाथ में धारदार लोहे का चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम युवराज सोनी उर्फ बिल्ला (19 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर, मिनी माता चौक, सुपेला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 890/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि युवराज सोनी थाना सुपेला का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी न्यायालय में विचाराधीन हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, प्रधान आरक्षक उपेन्द्र सिंह, शुभोद पाण्डेय तथा आरक्षक संतोष निर्मलकर और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।