नंदिनी नगर ,में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BU 0209 जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पिटौरा निवासी प्रार्थी ने 21 जून को थाना नंदिनी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून को वह सामान खरीदने के लिए टाउनशिप नंदिनी नगर स्थित विश्वकर्मा इंजीनियरिंग शॉप गया था। इस दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
शिकायत के आधार पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदेही युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक भारती (36 वर्ष) निवासी ग्राम नगवा, थाना कासिमाबाद, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।