रायपुर, पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सोनी और काजल साहू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर नाकेबंदी की थी। सूचना मिली थी कि अभनपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में अवैध रूप से गांजा की तस्करी की जा रही है।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर अपने साथी के साथ अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, दस्तावेज और पांच लीटर डीजल बरामद किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12.79 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में पुरानी बस्ती थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने फरार आरोपी शिवम सोनी और काजल साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिवम सोनी पहले से ही न्यू राजेंद्र नगर थाना में दर्ज एक अन्य गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहा था। उस मामले में फरवरी 2026 में 20.300 किलोग्राम गांजा, कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।