आधी रात संघ कार्यालय को बनाया निशाना, जांच के लिए SIT गठित

त्वरित खबरे : हेमा पासी

झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की घटना सामने आई है। यह वारदात बुधवार देर रात चुटिया थाना क्षेत्र के निवरणपुर स्थित संघ कार्यालय में हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, देर रात दो अज्ञात युवक कार्यालय के बाहर पहुंचे और परिसर की ओर पेट्रोल से भरी बोतलें फेंककर फरार हो गए। पूरी घटना कार्यालय के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने कांच की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें पेट्रोल बम की तरह इस्तेमाल किया। हालांकि, बोतलें कार्यालय परिसर के भीतर नहीं पहुंच सकीं, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना में किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल से बरामद बोतलों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

रांची पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। साइबर टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हमले के पीछे की मंशा और संभावित साजिश की जांच कर रही है।

घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। बीजेपी नेताओं ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद RSS कार्यालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।