अभनपुर में बैंक मित्र और च्वॉइस सेंटर संचालकों को लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरे : सौरभ

रायपुर  ग्रामीण पुलिस ने अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वॉइस सेंटर कर्मचारियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सारखी और ग्राम हसदा में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी सुनसान रास्तों पर बैंक मित्रों और च्वॉइस सेंटर संचालकों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान वे पीड़ितों के चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंकते थे और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते थे।

पहली घटना 1 जून 2026 की है। ग्राम बिरोदा निवासी पोषण लाल साहू ने थाना अभनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। 1 जून की शाम करीब 4:40 बजे बैंक बंद होने के बाद वह दो लाख रुपये नगद अपने पिट्ठू बैग में रखकर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04-एचएक्स-2063 से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे दो आरोपियों ने अपनी बाइक उनके सामने लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मिर्ची पाउडर फेंकने का प्रयास किया और नुकीली वस्तु दिखाकर धमकाते हुए नगदी से भरा बैग और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 180/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 351(2), 126(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी घटना 14 मार्च 2026 की है। दम्मानी कॉलोनी, गोबरा नवापारा निवासी उमेन्द्र कुमार देवांगन ने पुलिस को बताया कि वह अभनपुर में तुसीका च्वॉइस सेंटर और गिफ्ट स्टोर का संचालन करते हैं। 14 मार्च की रात करीब 8:40 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय ग्राम हसदा मोड़ के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने चाकू पेट पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके बैग में रखे डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 के तहत धारा 309(4), 115(2), 126(2), 296, 3(5) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी और थाना प्रभारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए वाहनों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

लगातार प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने स्वीकार किया कि अधिक कर्ज होने के कारण उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम पूर्व में मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अन्य क्षेत्रों में भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस संबंध में उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू (26 वर्ष), निवासी सारखी आजाद चौक वार्ड क्रमांक-3, टेकराम उर्फ टीकू धीवर (30 वर्ष), निवासी सारखी आजाद चौक दम्मा तालाब के पास, पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम (30 वर्ष), निवासी सारखी तथा योगीराज सोनवानी (18 वर्ष), निवासी सकरी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और दो चाकू जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम नागरिकों, बैंक मित्रों तथा च्वॉइस सेंटर संचालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।