मोहला, । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम पंचायत भनसुला में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण विकास की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिले की महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों को “मोहला ब्रांड” के रूप में लॉन्च किया। इस पहल को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं को सीधे गांव तक पहुंचाना था।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। सुशासन तिहार इसी सोच का परिणाम है, जहां ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
शिविर में भनसुला क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनमें गोर्राटोला, पांगरी, केसला, दाउटोला, हितागुटा, सांगली और कोटरा सहित कई गांवों के लोग पहुंचे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनमें से कई का निराकरण मौके पर ही किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन गांव स्तर पर लोगों को राहत देने और शासन के प्रति विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र महिला स्व सहायता समूहों द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टॉल रहे। इन स्टॉलों में रागी का लड्डू, रागी आटा, महुआ का अचार, मिलेट्स कुकीज, वर्मी कम्पोस्ट खाद और अगरबत्ती जैसे स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने स्वयं इन स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं से उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग और विपणन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे ये उत्पाद जिले की नई पहचान बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन उत्पादों को उचित प्रशिक्षण, बेहतर पैकेजिंग और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो यह महिलाओं के लिए स्थायी रोजगार का माध्यम बन सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने क्लस्टर स्तर पर ऑर्गेनिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही और अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि “मोहला ब्रांड” केवल एक नाम नहीं बल्कि जिले की महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने महिला समूहों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शासन हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है और आने वाले समय में इन उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।