सुशासन तिहार एवं जनजातीय गरिमा उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, योजनाओं से जोड़ने लगा प्रशासन”

त्वरित खबरे ;हर्ष कुमार गुप्ता

जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम देववाड़वी में आयोजित क्लस्टर स्तरीय ‘सुशासन तिहार’, ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ एवं ‘जनभागीदारी अभियान’ ग्रामीणों के लिए शासन की योजनाओं को सीधे गांव तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज का सशक्तिकरण, ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ना तथा सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ट्रांसेक्ट वॉक कर गांव की वास्तविक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और बुनियादी आवश्यकताओं का जायजा लिया। इससे भविष्य की विकास योजनाओं को जमीनी जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी। शिविर में आधार कार्ड निर्माण, त्रुटि सुधार एवं बायोमेट्रिक अपडेटेशन जैसी डिजिटल सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी एवं शुगर जांच तथा दवा वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और पंचायत विभाग की योजनाओं की जानकारी सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान की दिशा में शासन की प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे आयोजन में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद एवं जनभागीदारी की झलक देखने को मिली।