दुर्ग में कार ने कुचला, सरगुजा में बाइकों की भिड़ंत: सड़क हादसों में 4 की मौत

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़, में रविवार को अलग-अलग जगह हुए भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी दो बाइक और स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना सरगुजा जिले के नेशनल हाईवे-43 पर हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक चालकों की जान चली गई।

दुर्ग जिले के चंद्रामौर्या चौक पर हुए हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के मुताबिक, दो बाइक और स्कूटी पर सवार तीन लोग सुपेला से पावर हाउस की ओर जा रहे थे। वे रेड सिग्नल होने के कारण चौक पर रुके हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार क्रमांक CG07BR0571 ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद नूर खान (15 वर्ष) निवासी सुपेला और मनोहर (55 वर्ष) निवासी रायपुर को मृत घोषित कर दिया। घायल सलीम का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज रफ्तार में था और उसने सिग्नल तोड़ते हुए लापरवाही से वाहन चलाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया है। भिलाई सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे में था या नहीं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मृतक नूर खान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नूर की मामी ने कहा कि दोनों युवक एसी रिपेयरिंग का काम करते थे और काम पर जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़ी स्कूटी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। परिवार ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

वहीं दूसरी घटना सरगुजा जिले के अंबिकापुर-रायगढ़ मेन रोड स्थित लुचकी घाट में हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में सोनतराई निवासी संतोष कुजूर (38 वर्ष) और दूसरी बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई थीं। संतोष अपनी पत्नी संगीता कुजूर के साथ अपने बच्चे की टीसी लेने अंबिकापुर जा रहा था। हादसे में संगीता और दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।