दुर्ग में मामूली टक्कर के बाद खूनी संघर्ष: इंजीनियरिंग छात्रों पर हमला, राहगीर की चेन लूटी

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसा उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को भी नहीं बख्शा गया। हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी सोने की चेन लूट ली। गंभीर रूप से घायल राहगीर को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार घटना 14 मई की देर रात करीब 11:30 बजे की है। रूंगटा कॉलेज भिलाई में बीटेक की पढ़ाई कर रहा छात्र मुकेश कौशिक अपने दोस्तों के साथ बिरयानी खाकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पद्मनाभपुर स्थित मेगा मार्ट के पास उनकी बाइक को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक सुभाष चौक बोरसी निवासी लोकेश्वर साहू चला रहा था।

टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि लोकेश्वर साहू और उसके साथी रितेंद्र यादव ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर इंजीनियरिंग छात्रों पर हमला कर दिया। युवकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से छात्रों को बेरहमी से पीटा। सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

इस हमले में राजा बिस्वास, अविनाश उत्कर्ष सिंह, पंकज कौशिक और आकाश केवट सहित कई छात्र घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घटना के दौरान कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर घूमते नजर आए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे केलाबाड़ी दुर्ग निवासी शकील खान भी हमलावरों के निशाने पर आ गए। आरोप है कि युवकों ने शकील खान के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर आईसीयू में रखा गया है। शकील खान के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनसे नकदी और करीब दो तोले की सोने की चेन भी लूट ली।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। लोकेश्वर साहू का कहना है कि दोनों बाइक आपस में टकरा गई थीं और दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हालांकि राहगीर शकील खान के परिजन लगातार एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस अब तक उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है। इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।