मंगलतराई शिविर में 205 आवेदन प्राप्त, आधे से ज्यादा मामलों का मौके पर समाधान

त्वरित खबरें : अरुण रिपोर्टिंग

डौण्डी विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम मंगलतराई में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों और हितग्राहियों के लिए सौगातों से भरा साबित हुआ। हाई स्कूल मैदान मंगलतराई में आयोजित इस शिविर में आसपास के 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, जिला पंचायत सदस्य  मिथलेश निरोटी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि  मनीष झा, जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत 15 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 11 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र दिया गया। इसके अलावा 10 लोगों को मनरेगा जॉब कार्ड, 8 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, 8 किसानों को बैटरी स्प्रेयर, 4 परिवारों को नया राशन कार्ड तथा मत्स्य पालन योजना के तहत 2 हितग्राहियों को जाल और आइस बॉक्स वितरित किए गए। वहीं 5 हितग्राहियों को वृद्धा पेंशन स्वीकृति आदेश भी सौंपे गए।

शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड भी लगाया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों की जांच कर मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को काफी राहत मिली।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजन भी किए गए। नन्हें बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, वहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें सुपोषण किट वितरित की गई। जनपद अध्यक्ष  मुकेश कौड़ो ने बाल विवाह को सामाजिक अपराध बताते हुए ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई।

शिविर में कुल 205 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 105 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 94, राजस्व विभाग को 27 और वन विभाग को 28 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। शिविर में पुसावड, नर्रालगुड, मरदेल, लिमउडीह, सुरडोंगर, मथेना, सिंघोला, बेलोदा, चिहरो, मंगलतराई, आमाडुला और घोटिया सहित 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।