सुशासन तिहार 2026: गौरी नगर शिविर में 132 आवेदन पहुंचे, महापौर ने किया समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा

त्वरित खबरें :अरुण रेपोर्टिंग

राजनांदगांव, में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत सोमवार को वार्ड क्रमांक 11, 12 और 13 के नागरिकों के लिए गौरी नगर स्कूल मैदान में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। शासन की मंशा के अनुरूप लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। शिविर में कुल 132 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 115 मांग संबंधी और 17 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। नागरिकों ने सड़क, नाली, पाइप लाइन विस्तार, स्कूल मरम्मत, हाईमास्ट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

शिविर में महापौर मधुसूदन यादव स्वयं उपस्थित होकर वार्डवासियों से रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि श्रम कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और निराश्रित पेंशन जैसी छोटी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, जबकि सड़क, नाली और विद्युत खंभे जैसी बड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रक्रिया पूरी कर हल किया जाएगा।

शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान महापौर के साथ वरिष्ठ पार्षद हफीज खान, शिव वर्मा और पार्षद  मनोहर यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थी पुष्पा यादव को सिलाई व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से 15 हजार रुपए की प्रथम किश्त का चेक प्रदान किया गया। इससे हितग्राही ने शासन की योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने भी शिविर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सभी आवेदन ऑनलाइन पोर्टल में अपलोड किए जाएं ताकि आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकें। उन्होंने कर्मचारियों को आवेदन पत्रों में मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज कराने और समाधान पेटी में प्राप्त आवेदनों को विषयवार सूचीबद्ध करने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पार्षद  हफीज खान ने कहा कि वार्ड की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर आवेदन महापौर और आयुक्त को सौंपे गए हैं। इनमें डामरीकरण, तालाब सौंदर्यीकरण, स्कूल मरम्मत, हाईमास्ट लाइट और नजूल पट्टा जैसी मांगें शामिल हैं। उन्होंने महापौर द्वारा दिए गए आश्वासनों का स्वागत करते हुए कहा कि वार्ड की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए। वहीं वरिष्ठ पार्षद  शिव वर्मा ने लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन करने की अपील की।

नगर निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि आगामी 13 मई को वार्ड क्रमांक 16, 17, 18, 19 और 23 के लिए ठाकुर प्यारेलाल सिंह स्कूल में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज करा सकेंगे।