AIIMS में जॉब दिलाने का झांसा पड़ा भारी, 14.50 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरे ;हर्ष कुमार गुप्ता (रेपोर्टिंग )

भिलाई में एम्स रायपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। थाना वैशाली नगर पुलिस ने इस मामले में आरोपी अभिषेक जायसवाल को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर अपने ही कॉलेज मित्र से 14 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की।

जानकारी के अनुसार, वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई निवासी मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी 2026 को थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल उसे रायपुर AIIMS में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा दे रहा था। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि उसकी पहचान बड़े अधिकारियों से है और वह आसानी से नौकरी लगवा देगा। इसके बदले उसने अलग-अलग किश्तों में रकम मांगी।

प्रार्थी आरोपी के झांसे में आ गया और सितंबर 2021 से अक्टूबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से कुल 14.50 लाख रुपए आरोपी को ट्रांसफर कर दिए। आरोपी लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने और नौकरी लगने का भरोसा दिलाता रहा। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और पैसे वापस मांगने पर भी आरोपी टालमटोल करता रहा, तब पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।

मामले की शिकायत मिलने पर थाना वैशाली नगर में धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। इसके बाद साइबर सेल भिलाई की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में उसकी लोकेशन लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मिली।

तत्काल पुलिस टीम लखनऊ रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।