छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा

त्वरित खबरें (अरुण रिपोर्टिंग)

छत्तीसगढ़ ,में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को जहां हल्की राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम प्रभावित हुआ है। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ गई है और बादलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, अंबिकापुर, जगदलपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों और मोबाइल या बिजली उपकरणों का उपयोग कम करें।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान लगातार 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया था। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही थीं और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया था। अब मौसम में बदलाव के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि तेज हवाओं और उमस के कारण परेशानी भी बढ़ सकती है। कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मई के महीने में अक्सर तेज आंधी और गरज-चमक वाली बारिश होती है, लेकिन इस बार हवाओं की रफ्तार अधिक रहने की संभावना है। प्रशासन ने भी सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन और बिजली विभाग की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। खासकर बच्चे और बुजुर्ग सावधानी बरतें। किसानों को भी फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है। आने वाले दो दिन छत्तीसगढ़ में मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।