रायपुर की पुलिस ने एक शौकीन चोर को पकड़ा है। नया टीवी और कई महंगे ब्रांड के कपड़ों की शॉपिंग का शौक इस चोर को भारी पड़ गया। पुलिस ने जब इसके घर पर छापा मारा तो रायपुर के एक सब्जी कारोबारी की दुकान में हुई साढ़े 3 लाख की चोरी का राज भी खुला। अब मो. अकबर नाम का ये चोर माना पुलिस की गिरफ्त में है।
दरअसल 13 जनवरी की रात रायपुर के डूमरतराई इलाके में सब्जी का कारोबार करने वाले राजेश सोनकर की दुकान से 3 लाख 50 हजार रुपए कैश चोरी हो गए थे। कारोबारी ने इसकी शिकायत माना थाने में की। पुलिस की टीम CCTV फुटेज खंगाल रही थी। आस-पास के पुराने बदमाशों से पूछताछ कर रही थी। इस बीच पुलिस को एक अहम जानकारी मिली।
चोर की शॉपिंग की खबर लीक
पुलिस को पता चला कि टिकरापारा इलाके में रहने वाला मो. अकबर घर में नया स्मार्ट टीवी लेकर आया है। वो कपड़े भी खरीद रहा है और होटलों में कुछ साथियों को दावत दे चुका है। पुलिस समझ चुकी थी कि मो. अकबर की जेब इन दिनों कुछ ज्यादा ही गर्म है। इससे पहले मो. अकबर चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। इस वजह से टीम ने इसके घर पर छापा मारा। चोरी के रुपयों से खरीदा टीवी, और करीब 1 लाख 25 हजार रुपए कैश इसके पास से मिला। अकबर ने कबूला कि इसी ने डूमरतराई की दुकान से रुपए चुराए थे। बाकि की रकम इसने कहां-कहां खर्च की पुलिस पूछताछ कर रही है।