छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज गूंजेंगे कई अहम मुद्दे, बजट सत्र के सातवें दिन तेज होगी बहस

त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

 रायपुर- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कई अहम मुद्दों पर जोरदार बहस होने के आसार हैं। विपक्ष राज्य में कानून-व्यवस्था, सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण, किसानों से जुड़े मामलों और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

सदन में प्रश्नकाल के दौरान विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सवाल उठाएंगे, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती है। विपक्ष खासतौर पर प्रदेश में बढ़ते अपराध, अफीम की अवैध खेती और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार से जवाब मांग सकता है।

इसके अलावा किसानों से जुड़े मुद्दे, धान खरीदी व्यवस्था, योजनाओं के क्रियान्वयन और महंगाई को लेकर भी सदन में तीखी बहस होने की संभावना है। सत्ता पक्ष अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है।माना जा रहा है कि इन मुद्दों को लेकर सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। ऐसे में बजट सत्र के सातवें दिन विधानसभा की कार्यवाही काफी हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।