राजनांदगांव में मातृ-पितृ पूजन दिवस: परंपरा, संस्कार और सम्मान का अद्भुत संगम

त्वरित खबरें - रुची सिंह

राजनांदगांव। योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मातृ-पितृ पूजन दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूज्य आशारामजी बापू द्वारा प्रारंभ किए गए इस संस्कारमय अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 1, बजरंगपुर नवागांव में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में नगर के महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक चौधरी, नगर निगम चेयरमैन राजा मखीजा, भाजपा युवा नेता बंटी लाल, पूर्व पार्षद टीलेश्वरी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला आयोजन बताया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता को आसन पर विराजित कर पुष्पमालाएं पहनाईं, तिलक लगाकर विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस भावपूर्ण दृश्य को देखकर उपस्थित जनसमूह भावुक हो उठा। माता-पिता ने भी बच्चों को आशीर्वाद देकर स्नेह व्यक्त किया। वातावरण संस्कार, श्रद्धा और प्रेम से सराबोर हो गया।

महापौर मधुसूदन यादव ने नगरवासियों को मातृ-पितृ पूजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी प्राचीन संस्कृति को पुनर्जीवित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने भगवान गणेश के उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि माता-पिता की पूजा और सेवा से जीवन में सफलता और प्रथम स्थान प्राप्त किया जा सकता है। वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने इसे अब तक का सबसे प्रेरणादायक आयोजन बताया।

समिति के जिला अध्यक्ष रोहित चन्द्राकर एवं कोषाध्यक्ष टी.के. चन्द्राकर ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की सराहना करते हुए भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शुभकामना संदेश प्रेषित किया है। साथ ही विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों एवं शिक्षामंत्रियों ने भी पत्र के माध्यम से बधाई भेजी है।

बाल संस्कार विभाग प्रमुख संजय साहू ने बताया कि आयोजन में बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने प्रेरणादायक नाटिका प्रस्तुत की, जिसने सभी का मन मोह लिया। जिले में अब तक 550 से अधिक स्थानों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लाखों माता-पिता एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर संस्कारों का संदेश ग्रहण किया है।

कार्यक्रम की सफलता में लेखराम साहू, प्रवीण चक्रधारी, टहलुराम साहू, रमेश भोजवानी, हेमंत देशमुख, नतेश्वर साहू, खिलेंद्र नेगी, तेजराम यादव, मोहित वर्मा, घंसु साहू, प्यारेलाल वर्मा, सरिता चक्रधारी, संगीता, एरिना बहन, चंद्रप्रभा साहू एवं मालती जंघेल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

यह आयोजन भारतीय परंपरा, पारिवारिक सम्मान और संस्कारों की जीवंत मिसाल बनकर उभरा।