मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवागढ़ में होगा भव्य सामूहिक विवाह...

त्वरित खबरे - नेहा सेंडे रिपोर्टिंग

बेमेतरा - राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक में भव्य राज्य एवं जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कल 10 फरवरी को नवागढ़ स्कूल ग्राउंड मैदान में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप देने के उद्देश्य से राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इस योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह आयोजित कर न केवल विवाह की परंपराओं को सरल बनाया जा रहा है, बल्कि सामाजिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।नवागढ़ ब्लॉक में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री दयालदास बघेल, मंत्री, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा श्री विजय बघेल, सांसद, दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कि भी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को राज्य शासन की ओर से प्रदान की जाने वाली सहायता राशि एवं उपहार वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में व्याप्त दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।