बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ ने 50 यात्रियों की जान बचा ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।जानकारी के अनुसार राजधानी ट्रेवल्स की यह बस सोमवार सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। करीब 9 बजे जब बस भैंसा गांव के पास पहुंची, तभी इंजन की ओर से अचानक धुआं निकलने लगा।कुछ ही पलों में धुएं ने आग का रूप ले लिया और लपटें तेजी से बस में फैलने लगीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने बिना समय गंवाए बस को सड़क किनारे रोका और तुरंत सभी दरवाजे खोल दिए।ड्राइवर ने यात्रियों से बस से नीचे उतरने की अपील की। सभी यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के उतरते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह पूरा मामला खरोरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।बस में सफर कर रहे यात्री पवन ने बताया कि ड्राइवर ने समय रहते सही फैसला लिया, जिससे सभी यात्रियों की जान बच सकी। उनका कहना था कि अगर कुछ देर भी हो जाती, तो हालात गंभीर हो सकते थे।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता दी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के अनुसार इंजन में खराबी इसकी वजह हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई थी।