छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ में सुबह माहौल तब गर्म हो गया जब आयकर विभाग की टीमों ने लोहे के बड़े कारोबारियों के 50 ठिकानों पर एक साथ छापा मार दिया। रायपुर से लेकर दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ तक अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया।सूत्रों के मुताबिक, स्पंज आयरन, स्टील रोलिंग, पावर प्लांट और जमीन कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों को निशाने पर लिया गया है। सभी ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। सुरक्षा के लिए 100 से ज्यादा CRPF जवानों को मौके पर तैनात किया गया है।जमीन कारोबारियों के घर और दफ्तरों पर भी अधिकारी पहुंचे हैं, जहां पुराने रिकॉर्ड से लेकर लेनदेन तक की पूरी जांच की जा रही है।इससे पहले, सिर्फ 5 दिन पहले 30 नवंबर को मेडिकल कॉलेज मान्यता में रिश्वतखोरी मामले में ED ने देशभर के 8 राज्यों में रेड की थी। रायपुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज भी जांच के दायरे में आया था। उस कार्रवाई में मोबाइल फोन, DVR, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और कई डिजिटल सबूत जब्त किए गए थे। बैंक अकाउंट की डीटेल भी मांगी गई थी। ED की टेक्निकल टीम अभी उन सबूतों की जांच कर रही है।इतना ही नहीं, 11 दिन पहले यानी 24 नवंबर को ACB-EOW ने शराब घोटाले और DMF मामलों की जांच के तहत रायपुर, दुर्ग,बिलासपुर, कोंडागांव और अंबिकापुर में करीब 19 ठिकानों पर तड़के छापेमारी की थी। एक ही सुबह इतने ठिकानों पर दबिश से प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई थीं|