भारी पुलिस फोर्स के बीच करण साव का अवैध कब्जा ढहा : भिलाई में गोलीकांड आरोपी के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर...

त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

भिलाई : शहर में चर्चित गोलीकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार सुबह मुख्य आरोपी करण साव के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। तीन थानों की भारी फोर्स की मौजूदगी में निगम की टीम ने कैंप-2 में बने उसके कब्जे को ढहा दिया।मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुबह करीब 8 बजे कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया गया कि कैंप-2 में करण साव ने अवैध कब्जा कर निर्माण कराया था, जिसे आज पूरी तरह तोड़ दिया गया।इस कार्रवाई की कड़ी जोड़ते हुए याद दिला दें कि 14 नवंबर की शाम जामुल में आरोपी करण साव ने झारखंड से बुलाए गए शूटर से विकास प्रजापति पर फायरिंग करवाई थी। गनीमत रही कि विकास इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करण साव, शूटर और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।इसके बाद प्रशासन सख्त मोड में आ गया था। 21 नवंबर को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था।गोलीकांड के एक सप्ताह बाद ही निगम ने करण साव के अवैध कब्जे को तोड़ने का नोटिस घर के बाहर चस्पा कर दिया था। इस दौरान करण साव समेत परिवार के अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था। बाहर से आया शूटर भी पकड़ा गया था।समय सीमा बीत जाने के बाद बुधवार सुबह निगम की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर से पूरा अतिक्रमण ढहा दिया गया।करण साव के भाई सूरज कुमार ने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि 21 नवंबर को नोटिस सभी को दिया गया था, लेकिन कार्रवाई सिर्फ उनके घर पर हुई। उन्होंने दावा किया कि यहां कई लोगों का अवैध कब्जा है, मगर किसी और पर कार्रवाई नहीं हुई।सूरज का कहना है कि वे 15 साल से यहां टैक्स जमा कर रहे हैं, मगर फिर भी केवल उन्हीं के घर को ढहा दिया गया।घटनास्थल पर मौजूद नगर भिलाई आयुक्त राजीव पांडेय ने बताया कि कैंप-2 का यह निर्माण लंबे समय से अतिक्रमण की श्रेणी में था। यहां खाली जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था।उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पीएम आवास योजना के तहत मकान बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। डीपीआर तैयार है और स्वीकृति जल्द मिलेगी। जो लोग यहां अतिक्रमण कर रह रहे हैं, उन्हें हटाया जाएगा और नियमानुसार पीएम आवास भी दिया जाएगा।