दुर्ग : दुर्ग जिले में मंगलवार रात पुलिस ने होटल, ढाबा और लॉज की आकस्मिक जांच के दौरान पांच संदिग्ध युवकों को पकड़ा है। तलाशी में उनके पास से जादू-टोने से संबंधित सामग्री बरामद हुई है।पुलिस ने बताया कि दुर्ग के होटल न्यू इंडिया में जांच के दौरान ये युवक मिले। पूछताछ में पता चला कि सभी ओडिशा के कोरापुट जिले के रहने वाले हैं। उनके मोबाइल की जांच में जादू-टोने के फोटो और वीडियो, हनुमान छाप सिक्का, लक्ष्मी छाप सिक्का और अन्य संदिग्ध छायाचित्र मिले।जानकारी के मुताबिक, ये लोग ओडिशा से आकर स्थानीय नागरिकों को झांसे में लेकर पैसे ऐंठने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही सभी से पूछताछ की और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की।संदिग्धों की पहचान के. चंद्रशेखर, अनंत पुजारी, एम. सत्सा राव, लक्ष्मी नारायण खिलो और दैतारी माली के रूप में हुई है। इनमें से चार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, जबकि एक युवक के पास से चाकू मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।पुलिस द्वारा जिले में इस तरह के संदिग्धों पर लगातार नजर रखी जा रही है।