राजनांदगांव। श्रीशिवनाथ क्षेत्रीय विकास समिति राजनांदगांव के अध्यक्ष डॉ डी सी जैन, सचिव अमलेंदु हाजरा, एस के तिवारी, निखिल मंगवानी एवं अन्य सदस्यों ने जिला कार्यालय स्थित कलेक्टर कक्ष में नए कलेक्टर जितेंद्र यादव के पद भार ग्रहण करने के उपरांत सौजन्य भेंट कर उनका पुष्प गुच्छ से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।इस अवसर पर डॉ डी सी जैन ने शिवनाथ नदी के तट पर लगने वाले तीन दिवसीय मोहारा मेला के संदर्भ में विस्तार से बताया और उसके लिए ज्ञापन भी सौंपा। विगत वर्षो की तरह इस वर्ष भी शासन से सांस्कृतिक कार्यक्रम की मांग की गई तथा मेले में उचित व्यवस्था हेतु प्रशासनिक सेवाओं से सहयोग की अपेक्षा बताई गई। उक्त मेले के इतिहास को बताते हुए शिवनाथ नदी के तट क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर कलेक्टर साहब के द्वारा मेले के भावी आयोजन के संबंध में उन्हें आश्वासन भी दिया गया। सचिव अमलेंदु हाजरा के द्वारा बताया गया कि इस वर्ष मेला नवंबर महीने की 4,5 एवं 6 तारीख को आयोजित है। 4 तारीख को मेले का उद्घाटन होगा और विधिवत 6 तारीख को मेले का समापन होगा। इन तीनो दिवस में अच्छे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा लोगों को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न प्रकार के सामान, घरेलू एवं दैनिक उपयोग की स्वदेशी वस्तुओं का स्टॉल लगाया जाएगा, साथ ही महिला स्व सहायता समूह के द्वारा बनाए जा रहे घरेलू सामानों की बिक्री के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और धार्मिक आयोजन भी विधिवत होंगे। उक्त जानकारी समिति की ओर से शैलेंद्र तिवारी द्वारा दी गई।