कोरोना जांच पर संडे इफेक्ट आंकड़ों में बड़ी गिरावट देखने को मिली

त्वरित ख़बरें -कोरोना जांच पर संडे इफेक्ट, 20 से सीधे 12% हो गई संक्रमण दर, 3963 नए मरीज मिले, संसदीय सचिव भी पॉजीटिव

छत्तीसगढ़  में कोरोना के बढ़ रहे आंकड़ों को रविवार का झटका लगा है। इसकी वजह से 19-20% तक की दैनिक संक्रमण दर अचानक घटकर 12.17% पर आ गई। दरअसल रविवार को केवल 32 हजार 563 सैंपल लिए जा सके। इस दौरान 3 हजार 963 नए मरीज सामने आए। संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह पिछले सप्ताह रोज मिल रहे मरीजों की संख्या से करीब आधी है। इसकी वजह से आंकड़ों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

विशेषज्ञों का कहना है, पिछले चार दिनों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थोड़ी स्थिर हुई है। दिसम्बर के आखिर और जनवरी की शुरुआत में यह जिस रफ्तार से बढ़ रहा था वह डरावना था। एक जनवरी को प्रदेश में 23 हजार 590 नमूनों की जांच हुई। उस दिन 279 नए मामले सामने आए थे। एक व्यक्ति की मौत हुई। इसकी बदौलत प्रदेश में एक्टिव कोरोना मरीजों की कुल संख्या एक हजार 17 हो गई। उस दिन के बाद से कोरोना ने रफ्तार पकड़ी। 7 जनवरी को 46 हजार नमूनों की जांच में 3 हजार 455 लोग संक्रमित मिले। 15 जनवरी को नए मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हजार 525 हो चुकी थी। 14 जनवरी को 6 हजार 153 नए मरीज मिले। यह तीसरी लहर के दौरान एक दिन में अब तक मिली मरीजों की सबसे बड़ी संख्या थी। उसके बाद संक्रमितों के आंकड़े घट रहे हैं।

फरवरी तक पीक की संभावना

डॉ. भीमराव आम्बेडकर अस्पताल में क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख डॉ. ओपी सुंदरानी का कहना है कि अभी मरीजों के अस्पताल आने की दर बेहद कम है। अगले फरवरी तक इस लहर का पीक आ सकता है। संभव है कि उस समय तक किसी-किसी शहर में संक्रमण दर 50% तक पहुंच जाए। यानी 100 लोगों की जांच में 50 लोग पॉजिटिव मिले। उनमें से कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा तो मरीजों की संख्या बढ़ जाएगी।

मौतों का आंकड़ा कम नहीं हुआ

रविवार की वजह से कोरोना संक्रमण के केस जरूर कम हुए लेकिन कोरोना से हो रही मौत नहीं थमी। प्रदेश भर में 7 मरीजों की मौत रिपोर्ट हुई है। इसमें से दो रायपुर के मरीज थे। एक-एक मरीज दुर्ग, धमतरी, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर और कांकेर जिलों के थे। एक दिन पहले यानी 15 जनवरी को भी 8 लोगों की जान गई थी। एक जनवरी से अब तक कोरोना की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है।