बेमेतरा :- राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाएं अब धरातल पर स्पष्ट रूप से नजर आने लगी हैं। बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम शुकुलपारा के कृषक थूकेल सोनकर की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है, जो बताती है कि योजनाओं का लाभ सही समय पर मिलना किसान की खेती को कितना सरल बना देता है। थूकेल सोनकर, जिनके पास 4 एकड़ कृषि भूमि है, इस वर्ष धान की खेती के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें सेवा सहकारी समिति नवागढ़ से बिना किसी ब्याज के 10 बोरी यूरिया, 5 बोरी सुपर फास्फेट, 5 बोरी डीएपी, 2 बोरी पोटाश तथा पहले से 4 बोरी धान बीज समय पर प्राप्त हो चुके हैं। यह सारा अनुदान शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया गया, जिससे किसानों पर आर्थिक दबाव भी नहीं पड़ा।
सोनकर ने बताया कि अब गांव के सभी किसान समय पर खाद-बीज प्राप्त कर रहे हैं, जबकि पहले उन्हें खाद के लिए भटकना पड़ता था और खेती की शुरुआत में ही अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा अब समिति में सभी प्रकार की खाद डीएपी, एनपीके, पोटाश तथा कीटनाशक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस व्यवस्था से खेती का कार्य समय पर शुरू हो पाया है।