बीरगांव नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर नंदलाल देवांगन और सभापति कृपाराम निषाद ने पदभार संभाला

त्वरित ख़बरें - बीरगांव के मेयर-सभापति ने पदभार संभाला:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदूषण मुक्त शहर का वादा किया, कहा-मिलकर बनाएंगे स्वच्छ और सुंदर

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में बीरगांव नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर नंदलाल देवांगन और सभापति कृपाराम निषाद ने पदभार संभाल लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बीरगांव को एक प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा, हम सब मिलकर इसे स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे।

बीरगांव में पदग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, प्रदेश की जनता ने सरकार के प्रति अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए राज्य के अधिकांश नगरीय निकायों में विजयश्री दिलाई है। बीरगांव ऐसा क्षेत्र है, जहां देश के सभी राज्यों के लोग रहते हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र के रहवासियों को आवासीय पट्टा देने का कार्य सबसे पहले किया जा रहा है। बीरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य हम सभी को मिलकर पूरा करना है।

मुख्यमंत्री ने कह, इस क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त करने के लिए कारगार कदम उठाए जाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में विकास का नए मॉडल प्रस्तुत किया है। सड़क, बिजली, सफाई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सभी घरों में की जा रही है। इसी तरह लोगों की स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और पर्यावरण के साथ-साथ बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं।

सभा में ये नेता शामिल हुए

इस सभा में वन, आवास और परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के साथ रायपुर ग्रामीण से विधायक सत्यनारायण शर्मा और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष पंकज शर्मा के साथ मोतीलाल देवांगन आदि शामिल हुए। सत्यनारायण शर्मा और पंकज शर्मा बीरगांव चुनाव अभियान के संचालक भी थे।