भिलाई : दुर्ग से हरिद्वार तक रेल सेवा के लिए विधायक रिकेश सेन ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को लिखा पत्र...

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

भिलाई , वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने दुर्ग से हरिद्वार तक सीधी रेल सेवा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से छत्तीसगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ बद्रीनाथ तीर्थ से भी जुड़ाव होगा। बद्रीनाथ धाम, चार धाम में से एक मुख्य तीर्थ स्थल है और छत्तीसगढ़ के हिंदू तीर्थ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग से हरिद्वार तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करना उचित होगा।

विधायक सेन ने बताया कि बीते दिनों जन कल्याण समिति ने भी उनसे इस संबंध में मांग पत्र सौंपा था। समिति ने सुझाव दिया कि अगर हरिद्वार तक सीधी रेल सेवा फिलहाल संभव नहीं है, तो दुर्ग कानपुर बेतवा एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक किया जा सकता है, जिससे दुर्ग-भिलाई समेत छत्तीसगढ़ के तीर्थ यात्रियों को सुविधा होगी।

विधायक सेन ने इसके साथ ही दुर्ग में चार प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज और गरीब रथ का विस्तार दुर्ग तक करने के लिए भी केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने दुरंतो, गरीब रथ और कर्मभूमि एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के स्टॉपेज दुर्ग में किए जाने की मांग की है। 

अपने पत्र में विधायक सेन ने उल्लेख किया कि दुर्ग-भिलाई में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के विभिन्न राज्यों के नागरिक बहुतायत में निवास करते हैं। 

यह क्षेत्र शिक्षाधानी के रूप में प्रसिद्ध है और यहां देशभर से पढ़ाई के लिए छात्र आते हैं। बीते 10 वर्षों से कई ट्रेनों का ठहराव दुर्ग स्टेशन पर नहीं हो रहा है, जिसके सुधार की आवश्यकता है।

इस प्रकार, दुर्ग से हरिद्वार तक सीधी रेल सेवा की मांग न केवल धार्मिक यात्रा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र के नागरिकों और छात्रों के लिए भी बहुत लाभदायक होगी।