बच्चे को नाले में बहता देख बिल्लियों ने मचाया शोर, पुलिस को हुई जानकारी और बचाई गई मासूम की जान

त्वरित खबरे

देश की आर्थिक राजधानी यानी मुंबई से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां नाले में बह रहे एक मासूम बच्चे को कुछ बिल्लियों ने देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की नजर उसपर पड़ी और उन्होंने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। मुंबई पुलिस की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और बच्चे को बचाया गया।

घटना मुंबई के पंतनगर इलाके की है। सोमवार शाम को किसी ने बच्चे को नाले में बहा दिया था। इस घटना के बारे में मुंबई पुलिस ने ट्वीट कर कहा,"कपड़े में लिपटे बच्चे को सड़क पर घूम रही कुछ बिल्लियों ने देखा, जिसके बाद वो शोर मचाने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले निवासियों को को इस बात की पता चल गया। उसके बाद लोगों ने पंतनगर पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचित किया और मुंबई पुलिस का निर्भया दस्ता, जो शहर में अपराध के हॉटस्पॉट पर गश्त करता है, वो मौके पर पहुंच गया."

जारी है बच्चे के माता-पिता की तलाश
पुलिस ने बच्चे के साथ अधिकारियों की एक तस्वीर के साथ पोस्ट किए गए एक ट्वीट में कहा, "पंतनगर पुलिस स्टेशन के निर्भया दस्ते द्वारा बच्चे को राजावाड़ी (अस्पताल) ले जाया गया और अब वह सुरक्षित है और ठीक हो रहा है।" बच्चे के माता-पिता या उसे फेंकने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के हॉस्पिटल में पड़ताल शुरू कर दी है।