प्रत्येक जनपद पंचायत में दो-दो मतदान रथ कुल 10 मतदान रथ तैयार किया जा रहा एवं पांचों नगरीय निकायों मे एक-एक मतदान रथ
गरियाबंद 23 अप्रैल 2024/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक (85 प्लस) आयु वर्ग के मतदाताओं को मतदान दिवस के दिन मतदान केन्द्र पहुंचने सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर प्रत्येक जनपद पंचायत में दो-दो मतदान रथ तथा प्रत्येक नगरीय निकायों में एक-एक इस प्रकार कुल 15 मतदान रथ रवाना किया जाएगा। मतदान केन्द्रवार दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन कर लिया गया है। तथा उनके मांगे जाने पर मतदान दिवस को उनके आवास स्थल से मतदान केन्द्र तक लाने एवं मतदान पश्चात् वापस उसके आवास स्थल तक पहुंचाने निःशुल्क परिवहन सुविधा की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में 6 हजार 310 दिव्यांग मतदाता, वरिष्ठ नागरिक (85 प्लस) आयु वर्ग के 1453 मतदाता है। ऐसे मतदान केन्द्र को चिन्हांकित किया गया है। जहां इन वरिष्ठ नागरिक (85 प्लस) और दिव्यांग मतदाताओं को निःशुल्क परिवहन सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उक्त वाहन को वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांग मतदाता रथ का नाम दिया गया है। जिसका हेल्पलाईन नम्बर - 1950 है। इसके अलावा सक्षम एप्प के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान दिवस पर दिए जाने वाली निःशुल्क परिवहन सुविधा के लिए उप संचालक समाज कल्याण विभाग नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मतदान केन्द्रों में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक (85 प्लस) के लिए रहेगी विशेष सुविधा
जिले के सभी मतदान केन्द्रों में दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक (85 प्लस) के लिए विशेष इंतजाम किया गया है। मतदान केन्द्र तक पहुंचने के लिए सभी मतदान केन्द्रों में व्हील चेयर भी रखा गया है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया कि आयोग के निर्देश पर यह व्यवस्था की जा रही है। दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को मुख्य मार्ग से मतदान केन्द्र और मतदान केन्द्र से अंदर जाने के लिए व्हील चेयर व्यवस्था कर ली गई है। सभी श्रेणियों के मतदाताओं से मतदान करने की अपील जिला निर्वाचन अधिकारी गरियाबंद ने की है।