तमिलनाडु में बने कम दबाव के क्षेत्र और हवा की दिशा बदलने का सीधा असर ट्विनसिटी पर पड़ा है। रात के पारे में 5 डिग्री की वृद्धि हुई है। न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया है। साथ ही शाम को ट्विनसिटी में विभिन्न स्थानों रिमझिम फुहारें पड़ी हैं। शनिवार को भी छीटे पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
अभी एक चक्रवात आसमान में 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। साथ ही एक ट्रफ तमिलनाडु से ओडिशा तक बना हुआ है। इसकी ऊंचाई 0.9 किमी तक है। इसके कारण मौसम में परिवर्तन आया है। दक्षिण-पूर्व से आ रही हवा अपने साथ नमी लेकर आ रही है। परिणामस्वरूप आसमान में बादल छाए हुए रहे। मौसम विभाग ने इसकी संभावना दो दिन पहले ही व्यक्त कर दी थी। विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 नवंबर को ट्विनसिटी समेत आसपास के स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक की भी स्थिति बन सकती है। हवा की दिशा फिलहाल दक्षिण-पूर्वी बनी रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 48 घंटों में मौसम इसी प्रकार का रहेगा। मौसम के खुलते ही एक बार पुन: ठंड का अहसास होगा।
दिन का पारा बढ़ा, मौसम खुलते ही फिर बढ़ेगी ठंड
बदले हुए मौसम का असर दिन के तापमान पर नहीं पड़ा है। दो-तीन दिनों से दिन का पारा 31.2 डिग्री के आसपास बना हुआ था, जो शुक्रवार को इसमें 1.4 डिग्री का इजाफा हुआ है। दोपहर 2.30 बजे 32.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। सुबह वातावरण में नमी की मात्रा 77 फीसदी और शाम को 52 फीसदी रही। आसमान में 95 फीसदी बादल छाए रहे। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी बनी रही।
न्यूनतम तापमान पहुंच सकता है 21 डिग्री तक
मौसम में आए बदलाव की वजह से न्यूनतम तापमान में अभी और वृद्धि होने की संभावना है। शनिवार को यह 21 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। हालांकि फुहारें पड़ने की वजह से दिन के तापमान में कमी आने की संभावना है। यह 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। अभी एक-दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। बादलों के छंटने बाद एक बार फिर तापमान में कमी आएगी।