रायपुर - छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को नए साल से अगले पांच साल तक निःशुल्क चावल मिलेगा। इस योजना के लिए खाद्य विभाग ने जिला कलेक्टरों को पत्र भी जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तरफ से गरीब परिवारों के हित में बड़ा फैसला माना जा रहा है। सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अन्त्योदय एवं प्राथमिकता श्रेणी के राशनकार्डों पर आगामी 5 साल जनवरी 2024 से दिसंबर 2028 तक मासिक पात्रता का चावल निःशुल्क वितरण किए जाने के तर्ज पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम के तहत अन्त्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन और एकल निराश्रित श्रेणी के राशनकार्ड धारकों को अगले पांच साल निःशुल्क देने का निर्देश दिया है।
68 लाख लोगों को मिलेगा फायदा :-
राज्य खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्त्योदय श्रेणी के 14 लाख 92 हजार 438, प्राथमिकता श्रेणी के 52 लाख 46 हजार 656, एकल निराश्रित श्रेणी के 37 हजार 708 और निःशक्तजन श्रेणी के 15 हजार 351 राशनकार्डधारियों जनवरी 2024 से आगामी पांच वर्ष तक निश्शुल्क चावल वितरण से लाभांवित होंगे।
सरकारी दूकान के जरिये फ्री में मिलेगा चावल
हीं, इस फैसले से राज्य के अन्त्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन और एकल निराश्रित श्रेणी के 67 लाख 92 हजार 153 पात्र राशनकार्ड धारकों को पात्रता के मुताबिक सरकारी दुकानों के जरिए फ्री में चावल मिलेगा।
इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पत्र जारी करके कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।