रायपुर- पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी, बीकाम, बीसीए, बीपीई जैसे अन्य पाठ्यक्रमों की पूरक परीक्षा शुक्रवार 27 अक्टूबर से शुरू हो रही है। पूरक परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहली बार 35 हजार छात्र-छात्राएं पूरक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूरक परीक्षा के लिए छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण पहली बार तीन अलग-अलग पालियों परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा के लिए समय-सारिणी पहले ही जारी कर दी गई है।
जारी समय सारिणी के मुताबिक प्रथम पाली में सुबह सात से 10 बजे तक बीएससी, बीसीए, बीपीई की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक बीकाम और तृतीय पाली दोपहर तीन से छह बजे तक बीए की परीक्षा होगी। पहले दिन बीएससी में भौतिकी और वनस्पति शास्त्र विषय का पेपर है।
वहीं बीपीई में फाउंडेशन कोर्स हिंदी और बीएससी होम साइंस में भी हिंदी विषय का पेपर होगा। बीकाम और बीए का भी हिंदी विषय का ही पेपर है। पूरक परीक्षा का परिणाम दिसंबर महीने में आएगा। अगले ही महीने यानी जनवरी से प्रैक्टिकल परीक्षा शुरू हो जाएगी। मार्च में विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा प्रस्तावित है। उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से जुलाई में ही शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया जाता है।
दो विषयों में फेल छात्रों पूरक की पात्रता के कारण बढ़ी संख्या
दो विषयों में अनुत्तीण छात्रों को पूरक की पात्रता देने के कारण छात्रों की संख्या बढ़ी है। कोरोना के कारण तीन साल आनलाइन परीक्षा के बाद पहली बार इस वर्ष आफलाइन वार्षिक परीक्षा हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र फेल हो गए। छात्रों की मांग पर सरकार ने नियम में बदलाव करते हुए पूरक की पात्रता को बढ़ाकर एक से दो विषय कर दिया है। ये नियम सिर्फ इसी वर्ष के लिए है।