छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। इसकी वजह से अक्टूबर और नवंबर में होने वाली भर्ती परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। साथ ही कुछ भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं, लेकिन परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। इस तरह राज्य के करीब 97500 से अधिक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के लिए इंतजार करना होगा। 15 अक्टूबर को अपेक्स बैंक में फील्ड ऑफिसर, कार्यालय सहायक, सामान्य सहायक, समिति प्रबंधक, उप प्रबंधक समेत अन्य के 407 पदों की और 29 अक्टूबर को अपेक्स बैंक में प्रबंधक, उपप्रबंधक और कनिष्ठ प्रबंधक के 23 पदों के लिए भर्ती परीक्षा होनी है। इसके लिए पूरे छत्तीसगढ़ से 36,700 से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया है। उनके लिए व्यापमं की वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.i n पर प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, लेकिन अब इसकी चयन परीक्षा अगली तिथि तक के लिए रोक दी गई है।