दुर्ग- हरेली तिहार के मौके पर एक तरफ जहां पूरे राज्य में छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक की शुरुआत हुई, वहीं दुर्ग विधायक अरुण वोरा और मेयर धीरज बाकलीवाल पर मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन नहीं करने का आरोप लगा है। यह आरोप भाजयुमो के दुर्ग जिलाध्यक्ष जीत होमचंद यादव ने लगाया है। जीत का आरोप है कि दुर्ग में छत्तीसगढ़ ओलिंपिक की शुरुआत न करके खेल भावना को ठेस पहुंचाई गई है।
जीत यादव ने बताया कि हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक का आयोजन सभी जिलों में एक साथ किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के तीज त्यौहार और परंपराओं को सहेजने के लिए सभी जिलों में ओलिंपिक खेलों का शुभारंभ करने का निर्देश दिया था। दुर्ग शहर में छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक खेल का कोई भी अंश देखने को नहीं मिला।
दुर्ग निगम ने बारिश का हवाला देकर इसकी शुरुआत न करते हुए कार्यक्रम को टाल दिया। ऐसा करके राजीव मितान की अनदेखी की गई है। निगमायुक्त ने ओलिंपिक की शुरुआत करने के लिए 4 दिन पहले बैठक भी बुलाई थी, लेकिन शुरुआत नहीं की। ऐसा करके सीधे-सीधे तौर पर मुख्यमंत्री के घोषणा का उल्लंघन किया गया है। साथ ही साथ लोगों की खेल भावना के साथ खिलवाड़ करने का काम किया गया है। इतना ही नहीं दुर्ग निगम से जो छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक को लेकर न्यूज और फोटो जारी की गई उसमें भी विधायक और महापौर का फोटो नहीं डाला गया।
जीत यादव अपने समर्थकों के साथ शिकायत करने पहुंचे दुर्ग निगम।
विधायक ने कहा बरसते पानी में हुआ शुभारंभ
दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष जीत यादव के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि बरसते पानी में उन्होंने महापौर के साथ न सिर्फ हरेली तिहार मनाया, बल्कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत भी की। इसमें बड़ी संख्या में लड़कों ने भाग लिया। विधायक ने कार्यक्रम की फोटो जारी की है। वहीं महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत करने के बाद वो विधायक वोरा के साथ गृहमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने भिलाई गए थे। वोरा का कहना है जिस भाजपा ने 15 सालों में खेल के लिए कोई काम नहीं किया वो खेल भावना की बात न करें।
विधायक और मेयर ने जारी की फोटो, जिसमें वो दिखाई दे रहे हैं खेलते हुए।
कहा शिकायत के बाद शाम को जारी की गई फोटो
जीत यादव का कहना है कि दोपहर तक जब उन्होंने देखा कि दुर्ग निगम में हरेली त्यौहार न मनाते हुए छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक की शुरुआत नहीं की गई, तो उन्होंने इसकी शिकायत निगम आयुक्त से की। साथ ही मीडिया में बयान जारी किया। इसके बाद शाम विधायक और मेयर ने छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक की शुरुआत झूठा आयोजन कर उसकी फोटो जारी की है। जीत यादव के बयान से दुर्ग विधायक और मेयर के ऊपर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।