टाटीबंध ओवरब्रिज :एनएचएआई बोले-अनुमति नहीं , ट्रैफिक विभाग बोला-लोड टेस्ट हो चुका, पर काम अधुरा

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

टाटीबंध ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा है। दुर्ग छोर पर डामरीकरण से साथ ही लाइटिंग, क्रॉस बैरियर और पेंटिग का काम अभी तक नहीं हो पाया है। आधे अधूरे ओवरब्रिज से ट्रैफिक विभाग ने यातायात की अनुमति दे दी है। विभाग ने दुर्ग से आरंग जाने वाली छोटी गाड़ियों को अनुमति दी है।

वर्तमान में इस रूट से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक गाड़ियों की आवाजाही हो रही है। हालांकि ट्रैफिक विभाग ने एनएचएआई की अनुमति के बगैर ही यातायात शुरू करवा दिया है।इस पर एनएचएआई के अधिकारियों ने ओवरब्रिज से यातायात बंद करने के लिए ट्रैफिक विभाग को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि वर्तमान में टाटीबंध ओवरब्रिज का काम अधूरा है। पुलिस विभाग ने अपने रिस्क पर इसे खोल दिया है।

बैरियर लगाकर किया गया था बंद, यातायात ने हटाया
एनएचएआई के अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक विभाग द्वारा यातायात शुरू करने के बाद बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया था। लेकिन यातायात विभाग के कर्मचारियों ने बिना अनुमति के बैरियर को हटाकर यातायात दोबारा शुरू दिया। ओवरब्रिज का काम बचा हुआ है।

बारिश में ओवरब्रिज के नीचे घंटों जाम, मिट्‌टी भी फैल गई
बारिश में टाटीबंध चौक से गुजरने वाले यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने के कारण चौक पर जगह-जगह एक से डेढ़ फीट के गड्ढ़े हो गए हैं। बारिश के कारण घंटों जाम लग रहा है। ओवरब्रिज के निर्माण के चलते नीचे मिट्टी आ गई है।

"ओवरब्रिज से ट्रैफिक शुरू न करने के लिए यातायात विभाग को मना किया गया है। लेकिन वह अपने रिस्क पर ट्रैफिक खोल रहे हैं। विभाग ने इस संबंध में मंगलवार को पत्र जारी किया है। अभी काम बाक है।"
- ए. राममूर्ति, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रायपुर

"टाटीबंध चौक पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज का लोड टेस्ट हो चुका है। इसलिए दुर्ग से आरंग जाने ओवरब्रिज से छोटी गाड़ियों को अनुमति दी गई है। यह कलेक्टर साहब की जानकारी में है।"