पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के तीनों मंडलों के संयुक्त रूप से आयोजित समस्या एवं सुझाव शिविर के आयोजन के तीसरे दिन भाजपा पार्षद दल द्वारा मेडिकल कालेज पहुंचकर मरीजों से फीडबैक लिया गया।
शिविर के तीसरे दिन पूर्व सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव द्वारा पार्षदों एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ मेडिकल कालेज में मरीजों एवं उनके परिजनों से मिलकर उनकी समस्याओं के सबंध मे जानकारी ली गई तथा मेडिकल कालेज के सिविल सर्जन डॉ.सीएस मोहबे से मुलाकात कर उक्त समस्याओं से अवगत कराते हुए जनहित में यथाशीघ्र समस्याओं के समाधान के लिए आम जनता का पक्ष रखा गया।
पूर्व सांसद मधु ने प्रभारी अधिकारी डॉ.मोहबे से मुख्य रूप से सीटी स्कैन मशीन की अनुपलब्धता, गंभीर मरीजों को वार्ड तक ले जाने के लिए व्हील चेयर, स्ट्रेचर एवं मानव संसाधन की अनुपलब्धता, सेटअप के कई पद खाली होने से मरीजों को हो रही असुविधा, एमसीएच प्रांगण से वाहन चोरी होने की शिकायत, सीसीटीवी कैमरों के बंद रहने संबंधी शिकायतें, पुराने वाटर फिल्टर से दूषित पेयजल प्राप्त होने की शिकायत, दानदाताओं द्वारा दिए गए दो नए वाटर फिल्टर को तत्काल चालू करने संबंधी, अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी में सिपाही एवं अधिकारी की अनुपलब्धता, जूनियर डॉक्टरों के द्वारा ड्यूटी के समय फोन कॉल एवं वीडियो कॉल का उपयोग करने एवं मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने संबंधी मुद्दों पर अस्पताल प्रबंधन का ध्यानाकर्षित करते हुए इन समस्याओं के समुचित समाधान की मांग रखी।