भक्तों को दर्शन देने मंदिर से 20 जून को निकलेंगे भगवान जगन्नाथ....

त्वरित ख़बरें - भारती यादव रिपोर्टिंग

राजनांदगांव- भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को बड़ी श्रद्धा-भक्ति के साथ धूमधाम से निकाली जाएगी। इस वर्ष 20 जून को रथयात्रा को भव्य स्वरूप में मनाए जाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। गांधी चौक स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ के मंदिर से लगभग 8 दशकों से रथयात्रा निकालने की परंपरा है। मंदिर के सामने पारंपरिक भव्य रथ की साज-सज्जा अनेक भक्तों द्वारा पिछले एक सप्ताह से की जा रही है।

इसमें बैठकर भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। आयोजन समिति के प्रमुख महेश शर्मा के अनुसार गांधी चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में 20 जून को सुबह 8 बजे से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का विशेष श्रृंगार पूजन किया जाएगा।

दोपहर 2 बजे भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा और सुदर्शन चक्र को भव्य रथ में विराजित किया जाएगा। पूजा-आरती के पश्चात रथ की रस्सी को भक्त माता-बहनों व बंधुओं द्वारा अपने हाथों से खींचकर रथयात्रा 2.30 बजे प्रारंभ होगी। इस दौरान संस्कारधानी की विभिन्न भजन मंडलियों के द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों की स्वर लहरी में भक्त नृत्य करते हुए आगे बढ़ेंगे।