ईडी की कार्रवाई जारी : ईडी ने कारोबारी अरविंद को उसकी मां की अंत्येष्टि होते ही मुक्तिधाम से लिया हिरासत ...

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

भिलाई - केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ में शराब गड़बड़ी के केस में काफी दिन से फरार शराब कारोबारी अरविंद सिंह को सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे दुर्ग के रामनगर मुक्तिधाम में गिरफ्तार कर लिया। ईडी एक माह से उसे फरार घोषित कर तलाश रही थी। अरविंद की माता कमला देवी का रविवार को निधन हुआ। उनके अंतिम संस्कार के लिए अरविंद पहुंचा।

रामनगर मुक्तिधाम में अरविंद को मुखाग्नि देने के तुरंत बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम उसे ले जा रही थी, तब कुछ राजनीतिज्ञों ने आग्रह किया कि श्रद्धांजलि सभा के बाद ले जाया जाए। कुछ देर रुककर ईडी की टीम अरविंद को उसके खुर्सीपार स्थित घर ले गई, फिर वहां से रायपुर ले आई।

शराब गड़बड़ी में अरविंद को ईडी महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है और कई बार पूछताछ के लिए सम्मन भेजा था। उसकी प्रॉपर्टी भी सीज कर ली गई, कई जगह छापे मारे गए, एक होटल की जांच भी की गई लेकिन अरविंद ईडी के सामने पेश नहीं हुआ । इसी बीच, रविवार को ईडी को सूचना मिली कि अरविंद की मां का निधन हो गया है और वह अंतिम संस्कार के लिए पहुंचेगा, और ऐसा ही हुआ।

ईडी की टीम 15 सीआरपीएफ जवानों के साथ दोपहर 12.30 बजे रामनगर मुक्तिधाम पहुंची। तब अरविंद मुखाग्नि देने के पहले भरा घड़ा लेकर चिता के फेरे लगा रहा था। उसकी तस्दीक करने के बाद ईडी अफसर उसे अलग ले गए और बातचीत की।

उसे तुरंत ले जाना चाहते थे, लेकिन आग्रह के बाद ईडी की टीम वहीं रुक गई। अरविंद को श्मशानघाट से सफेद धोती और बनियान पहने हुए ही ईडी ले गई। रायपुर ले जाने के पहले आरोपी को उसके खुर्सीपार स्थित निवास ले जाया गया।

बीएसपी से 3 साल की छुट्टी में
सूत्रों के मुताबिक अरविंद भिलाई स्टील प्लांट का कर्मचारी है, लेकिन उसने 1 अप्रैल 2020 से 36 महीने यानी 3 साल की छुट्टी ले रखी है। उसे 31 मार्च को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी, लेकिन अभी तक ज्वॉइनिंग नहीं दी है। इसके लिए बीएसपी ने भी नोटिस दिया था। छत्तीसगढ़ में शराब गड़बड़ी की जांच कर रही ईडी ने उसे कथित अवैध शराब की ट्रांसोपोर्टिंग की मुख्य धुरी बताया है।