आजाद हिंद में नो रूम, गीतांजलि, मेल और सुपर डीलक्स में भी आरक्षण नहीं

त्वरित खबरे

दीपावली में अपने-अपने घर जाने की तैयारी करने वाले यात्रियों की वजह से 1 से 5 नवंबर तक सभी ट्रेनें फुल हो गई हैं। दुर्ग से कोलकाता और मुंबई समेत अन्य दिशाओं में जाने वाली ट्रेनों सीटें फुल हैं। पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस में दीपावली और उसके आसपास दो दिन तक नो रूम की स्थिति है। किसी भी क्लास में टिकट उपलब्ध नहीं है।

दुर्ग से सभी दिशाओं की ओर जाने वाली ट्रेनों में 31 अक्टूबर तक तो किसी न किसी क्लास में सीट उपलब्ध है, लेकिन उसके बाद 1 नवंबर से इसकी कोई गुंजाइश नहीं है। वर्तमान में पूरे दिन आरक्षण कार्यालय में भीड़ लगी रहती है। लंबी-लंबी वेटिंग टिकट लेकर लोग वापस जा रहे हैं। कुछ तो सीटें उपलब्ध नहीं होने पर रिजर्वेशन भी नहीं करा रहे हैं। वे गंतव्य स्थानों तक जाने के लिए दूसरी व्यवस्था कर रहे हैं। जैसे-जैसे त्योहार के दिन करीब आते जा रहे हैं, ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति और खराब होती जा रही है। दिवाली व अन्य त्योहार को देखते हुए अभी से लोगों ने ट्रेनों में आरक्षण कराना शुरू कर दिया है। इधर अब तक स्पेशल ट्रेन ही चलाई जा रही है, इसके चलिए बिना कन्फर्म टिकट के यात्रियों को ट्रेन में सफर की अनुमति नहीं दी जा रही। इस वजह से यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग काउंटर के चक्कर लगा रहे हैं।

दुर्ग-अजमेर में आज अतिरिक्त स्लीपर कोच
बढ़ती वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दुर्ग-अजमेर-दुर्ग में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच 24 अक्टूबर को लगाई जाएगी। इससे अजमेर जाने वाले और वहां से दुर्ग आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। यह सुविधा दुर्ग से अजमेर जाने वाली और अजमेर से दुर्ग आने वाली ट्रेन में रहेगी। इससे उम्मीद की जा रही है कि ट्रेन में वेटिंग की स्थिति कम होगी और अधिकांश यात्रियों को कन्फर्म सीटें मिल सकेंगी। आने वाले दिनों में अन्य और ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। लगातार कोच लगाए जा रहे हैं।