घुमका - आषाढ़ माह का पांचवा दिन बीतने के साथ ही किसान अपने खेतों की ओर रुख कर रहे हैं। मानसून का इंतजार है, बारिश होगी इसके पहले खेतों की सफाई कर धूप खाने के लिए खेतों की जुताई भी कर रहे हैं। खरीफ फसल धान एवं सोयाबीन बोने की तैयारी मैं जुटे हुए किसान खाद बीज का भंडारण भी कर रहे हैं।
कृषक सेवा सहकारी समिति में 10 गांव के 988 किसान खाद बीज एवं केसीसी से नगदी के लिए कृषक सेवा सहकारी समिति एवं वित्त पोषक बैंक केंद्रीय सहकारी बैंक से संपर्क कर रहे हैं। कृषक सेवा सहकारी समिति के मैनेजिंग डायरेक्टर गजेंद्र भरद्वाज ने बताया कि हमारी सोसाइटी में इस बार खाद एवं बीज की समस्या नहीं है।
अब तक 345 किसानों को सुपर फास्फेट यूरिया डीएपी पोटाश 20,2003 एवं वर्मी सहित 445 टन 80 क्विंटल खाद एवं 29 क्विंटल 70 किलो स्वर्णा लाल, 30 क्वि. महामाया धान, 10-10 15 क्विं., धान सवर्णा सफेद 38 क्विं. 70, सोयाबीन 18 क्विं. 30 किलो को वितरण किया जा चुका है। केसीसी से 565 किसानों को 4 करोड़ 10 लाख रुपए ऋण वितरण किया जा चुका है। एमडी भारद्वाज ने कहा कि सोसाइटी में घुमका, भटगांव, खैरा, गिधवा, गोपालपुर, सलोनी, हरडुआ, देवादा, विजयतला, भरदा के किसान जुड़े हुए हैं।
सोसाइटी का विभाजन होने के बाद से किसानों को सुविधाएं मिल रही है। खाद बीज एवं ऋण की राशि आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है। हर संभव प्रयास है कि किसान खरीफ फसल की बोनी की तैयारी में पहले खाद एवं बीज का भंडारण कर लें एवं मजदूरी के लिए राशि उपलब्ध करा लें। किसी भी किसान को कोई समस्या हो तो सीधा संपर्क करें।