साइक्लोन के कारण आ रही नमी, बारिश के आसार :गुरुवार को दिन का तापमान 42.8 डिग्री रहा, इधर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में चक्रवाती घेरा बना....

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

दो दिन पहले अरब सागर में बना साइक्लोन आगे प्रदेश सहित जिले में अरब सागर से नमी लाएगा। निचले स्तर पर नमी आने की वजह से आने वाले दिनों में जिले में बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके बाद चलती लू और गर्मी से राहत मिलेगी। अब तक जून का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पार नहीं कर पाया है।

पिछले सालों के रिकार्ड देखें तो मई में 47 डिग्री तक अधिकतम तापमान पहुंचा है। इस बार मई की 19 तारीख को सर्वाधिक 43.6 डिग्री तक पहुंचा है। इसके बाद से नियमित तौर पर उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन उसके पार अब तक नहीं पहुंचा है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।

आंधप्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती घेरा भी सक्रिय हुआ है

हाल-फिलहाल आंध्र प्रदेश के ऊपर एक चक्रवात बनने की भी जानकारी मौसम विभाग को मिली है। इसकी वजह अरब सागर से आने वाली नमी और अधिक मात्रा में आना बताया जा रहा है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। अगले 48 घंटे में जिले में बारिश के आसार भी बन रहे हैं।