पेट दर्द से था परेशान :निजी अस्पताल में बालक की मौत, कलेक्टर से की शिकायत...

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

शुक्ला अस्पताल में एक बालक की मौत हो जाने पर परिजन ने कलेक्टर से अस्पताल प्रबंधन की शिकायत की है। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। दीवान झिटिया निवासी जितेन्द्र यादव ने इलाज के दौरान 13 वर्षीय बालक मिथलेश यादव की मौत पर शुक्ला अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मृतक बालक के पिता ने बताया कि इलाज के दौरान बालक की हालत गंभीर होने के बाद भी डॉक्टरों ने उसका सही ढंग से इलाज नहीं किया और न उसे रेफर किया। बालक के पेट में दर्द होने पर उसे शुक्ला अस्पताल में 23 मई को भर्ती किया गया था।

डॉक्टरों ने परिजनों को बताया था कि बालक के पेट में मवाद भर गया है और ऑपरेशन करने की बात की थी। ऑपरेशन करने के बाद बालक के पेट से लगातार खून बह रहा था। परिजन ने डॉक्टरों को बार-बार इसकी जानकारी दी लेकिन बालक का नियमित चेकअप नहीं किया गया।ऐसे में बालक की स्थिति गंभीर होती गई और उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने कहा शुक्ला अस्पताल में एक्सपर्ट डॉक्टर्स नहीं थे तो बालक को रिफर करने की सलाह देनी थी।

दी चेतावनी: कार्रवाई नहीं होगी तो करेंगे आंदोलन

इस मामले में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कुशल सिंह राजपूत भी परिजनों के साथ कलेक्टर से इस मामले की शिकायत करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच एवं दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी अस्पताल के सामने धरना प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में नर्सिंग होम एक्ट का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होने कहा कि आयुष्मान कार्ड से रुपए लेने की शिकायतें लगातार सामने आ रही है।