राजनांदगांव। महापौर परिषद के सदस्य पीडब्लूडी विभाग के चैयरमेन एवं पार्षद मधुकर बंजारे ने नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु द्वारा दिए गए बयान को भ्रामक बताते हुए कहा है कि वह अपनी पार्टी और नेताओं की नाकामियों को छुपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। नगर निगम में राजनीति करने वाले नेता प्रतिपक्ष को इस बात का भी ज्ञान होना चाहिए कि रामनगर वार्ड की सडक़ों की मरम्मत और डामरीकरण के लिए टेंडर भी पास हो चुका है और आगामी दिनों में काम भी शुरू होने वाला है। लेकिन यदु सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने के लिए मुझ पर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
पीडब्लूडी चैयरमेन एवं पार्षद मधुकर बंजारे ने जारी बयान में कहा है कि वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संकल्प गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की तर्ज पर महापौर हेमा देशमुख जी के गढ़बो नवा राजनांदगांव की परिकल्पना के साथ महापौर जी द्वारा शहर के समुचित विकास और आम जनता की समस्याओं को दूर कर मूलभूत सुविधाएं दिलाने प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने इस बात को लेकर हैरानी जताते हुए कहा कि इस साल के बजट में महापौर जी ने क्या-कुछ कार्य करने का प्लान बनाया है, इन बातों से नेता प्रतिपक्ष अनजान है या अनजान होने की नौटंकी कर रहें हैं? सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए किसी पर अनर्गल आरोप लगाना कतई उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु को इस बात को भी याद रखना चाहिए कि पंद्रह सालों तक प्रदेश में उन्हीं की पार्टी भाजपा की सरकार थी, तब वर्तमान विधायक डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री हुआ करते थे। उन पंद्रह वर्षों में किशुन यदु को वार्डों की समस्याएं क्यों नजर नहीं आई? रामनगर वार्ड पूर्व सांसद मधुसूदन यादव के गृह वार्ड मोतीपुर से लगा हुआ है। यादव पहले महापौर भी रह चुके हैं, तब उस वार्ड की समस्याओं का हल क्यों नहीं किया गया? रामनगर की समस्याएं अभी नई नहीं हैं, बल्कि वर्षों पुरानी हैं। उन समस्याओं को दूर करने और मूलभूत सुविधाएं मुहैय्या कराने नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में शहर के कई वार्डों में डामरीकरण और सडक़ों की मरम्मत का कार्य कराया जाना है, उन वार्डों में रामनगर भी शामिल हैं। इन सब बातों की जानकारी होने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष द्वारा अखबार की सुर्खियों में बने रहने और इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता को भ्रमित करने के लिए निराधार बयानबाजी की जा रही है।