जिला स्तरीय नि:शुल्क विशाल जनस्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक लाभान्वित हो जनसामान्य : कलेक्टर

त्वरित खबरे : शनिवार 6 मई 2023 को जिला स्तरीय नि:शुल्क विशाल जनस्वास्थ्य शिविर का डोंगरगांव में होगा आयोजन :

30 अप्रैल 2023

राजनांदगांव । कलेक्टर  डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हितग्राहियों को बेरोजगारी भत्ता वितरण, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन किसान न्याय योजना के हितग्राही को राशि अंतरण, श्रम दिवस को मनाए जाने वाले बोरे-बासी दिवस, डोंगरगांव में आयोजित होने वाले विशाल जनस्वास्थ्य शिविर के लिए अधिकारियों की तैयारी की समीक्षा की। कलेक्टर  सिंह ने कहा कि शासन द्वारा 30 मई को बेरोजगारी भत्ता के हितग्राहियों को राशि का वितरण किया जाएगा। वही 1 मई को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन किसान न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि उनके खाते में अंतरित की जाएगी। इन सभी कार्यक्रम के चिन्हांकित हितग्राही जिले से रायपुर शामिल होने जाएंगे। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को व्यवस्था हेतु समन्वय करने के निर्देश दिए। 3 मई को गौठान समिति के सदस्य, पशुपालक, कोटवार, पटेल, होमगार्ड, स्वसहायता समूह की महिलाएं साईंस कॉलेज ग्राऊण्ड रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। इसके लिए आवश्यक समन्वय करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में श्रम दिवस के अवसर पर श्रमिकों का सम्मान करते हुए बोरे-बासी दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  सिंह ने कहा कि शनिवार 6 मई 2023 को जिला स्तरीय नि:शुल्क विशाल जनस्वास्थ्य शिविर का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय उच्चतम माध्यमिक विद्यालय डोंगरगांव में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए पंडाल, टेंट, पेयजल, भोजन, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर  सिंह ने नागरिकों से अपील कि है कि इस नि:शुल्क विशाल जनस्वास्थ्य शिविर में अपने स्वास्थ्य का परीक्षण अवश्य कराएं तथा यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच, उपचार एवं परामर्श के साथ ही दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों के लिए भी स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कृत्रिम अंग की माप लेने के लिए दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों को जाँच परीक्षण पश्चात नि:शुल्क सर्टिफिकेट वितरण, नेत्र परीक्षण जाँच, उपचार एवं चश्मा वितरण, समान्य कैंसर की जाँच परीक्षण तथा ब्रेस्ट कैंसर एवं मुख कैंसर मरीजों की पहचान परामर्श एवं उपचार, बीपी व शुगर जाँच एवं उपचार, पैथोलॉजी अंतर्गत खून व पेशाब जाँच, दिव्यांगों के कृत्रिम अंग के लिए हाथ व पैर हेतु नाप एवं चिन्हांकन, मानसिक स्वास्थ्य, गर्भ धारण, मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग सेवायें, नशा मुक्ति जाँच एवं परामर्श, वॉकर एवं स्टिक वितरण तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वितरण की सेवाएं दी जाएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त  अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम  अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।