छुरिया/ गत दिनों न्यूज मध्यप्रदेश- छत्तीसगढ़ टी.वी. डिबेट के कार्यक्रम आपके मुद्दे "चुनावी साल में क्यों गरमा जाता है आदिवासी मुद्दा" विषय पर बहस के दौरान भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आदिवासी समाज के प्रति पूर्वाग्रह एवं जातिवादी घृणित मानसिकता से ग्रसित होकर सर्व आदिवासी समाज के लोग मिशनरियों के दलाल है कहकर सर्व आदिवासी समाज को अपमानित किया है।भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास के द्वारा आदिवासी समाज के लिए की गयी उक्त टिप्पणी उनके मानसिक दिवालियापन एवं ओसी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास के टिप्पणी से सर्व आदिवासी समाज अपमानित हुआ है इससे सर्व आदिवासी समाज में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है । सर्व आदिवासी समाज ब्लाक इकाई छुरिया के आक्रोशित पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिस थाना छुरिया में भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास के खिलाफ मानहानि एवं अनुसूचित जाति- जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु लिखित आवेदन प्रस्तुत किया तथा आवश्यक कार्यवाही नहीं किये जाने पर उग्र आंदोलन करने की बात कही है।इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के ब्लाक अध्यक्ष पवन कुमार कंवर, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोरी, सचिव देशराम कोर्राम, संरक्षक द्वय मदन नेताम एवं दिनेश कुरेटी,युवा प्रभाग के उपाध्यक्ष राजेश नेताम, कुश कुमार, रामगुलाल चन्द्रवंशी एवं झुमुक लाल चन्द्रवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।